बिहार। बोर्ड इंटर परीक्षा 2024 में जमुई की अनुप्रिया ने कमाल कर दिखाया है। उत्क्रमित उच्च विद्यालय मिर्जागंज की इस होनहार छात्रा ने साइंस स्ट्रीम में पूरे राज्य में चौथा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इससे पहले भी मैट्रिक परीक्षा में उन्होंने 13वां रैंक हासिल किया था।अनुप्रिया बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और अब उनका लक्ष्य मेडिकल की पढ़ाई के बाद आईएएस बनना है। उनकी इस सफलता पर माता-पिता बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उनके पिता कृष्ण मुरारी कुमार शिक्षक हैं और मां गृहिणी हैं, जिन्होंने अपनी बेटी को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया।अनुप्रिया ने बताया कि वह रोज़ 7 से 8 घंटे पढ़ाई करती थीं और इस रूटीन को मेंटेन रखती थीं। ऑनलाइन क्लासेस, कोचिंग और यूट्यूब सेभी उन्होंने पढ़ाई में मदद ली। उन्होंने कहा कि उनका पसंदीदा विषय फिजिक्स है, जिसमें उनकी विशेष रुचि है।उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। मैट्रिक में 13वां स्थान आने के बाद उन्होंने अपनी गलतियों को सुधारा और इंटर में चौथा रैंक हासिल किया।
बेटियों को दी प्रेरणा
अनुप्रिया। ने जमुई की बेटियों को संदेश दिया कि शिक्षा सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा, "अगर लड़कियां पढ़ाई नहीं करेंगी, तो कम उम्र में उनकी शादी कर दी जाती है। इसलिए हर बेटी को पढ़ना चाहिए, जैसे बेटों को पढ़ाया जाता है।"उनकी सफलता पर पिता कृष्ण मुरारी कुमार ने कहा कि उनकी बेटी का 4th रैंक आना गर्व की बात है, लेकिन अब भी सुधार की गुंजाइश है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से बेटियों की स्कूलों में उपस्थिति बढ़ी है और वे ज्यादा पढ़ाई कर रही हैं।अनुप्रिया की यह सफलता जमुई ही नहीं, पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है।