छपरा। की युवा वॉलीबॉल खिलाड़ी वरदान सिंह ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में अपनी जगह पक्की कर ली है। उन्होंने बिहार अंडर-18 गर्ल्स वॉलीबॉल टीम में यूनिवर्सल अटैकर के रूप में चयनित होकर सारण जिले का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि वरदान इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने वाली सारण की पहली महिला वॉलीबॉल खिलाड़ी बन गई हैं।छपरा के महाराणा प्रताप नगर की रहने वाली वरदान को सारण जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव अमित सौरव द्वारा मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वरदान को यह मुकाम उनके अथक परिश्रम, अनुशासन और लगन के चलते मिला है। उनके पिता निलाभ गुंजन स्वयं भी जिले के एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी रह चुके हैं, जिन्होंने वर्षों तक वॉलीबॉल की दुनिया में जिले का प्रतिनिधित्व किया है।
वरदान के इस ऐतिहासिक चयन से न केवल उनके परिवार, बल्कि उनके कोचिंग संस्थान और संपूर्ण खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों का कहना है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में सारण की अनेक बालिकाओं को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।प्रशिक्षक अमित सौरव ने बताया कि वरदान शुरू से ही एक समर्पित और मेहनती खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने कहा कि, "वरदान का चयन हमारे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अपनी मेहनत से यह सिद्ध किया है कि अगर जुनून हो, तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता।"
जिलेभर से बधाइयों का तांता
वरदान की इस कामयाबी पर जिला खेल पदाधिकारी शमीम अंसारी, वरिष्ठ खिलाड़ी श्याम देव सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोग, खेलप्रेमी युवाओं समेत कई गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वरदान जल्द ही राज्य ही नहीं, देश का नाम भी रोशन करेंगी।अब सभी की नजरें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में वरदान के प्रदर्शन पर टिकी हैं। सभी को उम्मीद है कि वह अपने प्रदर्शन से न सिर्फ टीम को जीत दिलाएंगी, बल्कि बिहार और सारण का गौरव भी बढ़ाएंगी।