औरंगाबाद। औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नेहुटी गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेलते समय तालाब में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों में प्रमोद प्रसाद गुप्ता के 7 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार और विनोद प्रसाद गुप्ता के 5 वर्षीय पुत्र राजकुमार शामिल हैं। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
खेलते-खेलते तालाब में गिरे, बचाने की कोशिश में दोनों डूबे
जानकारी के अनुसार, प्रिंस और राजकुमार गांव की पानी टंकी के पास स्थित पोखर के किनारे खेल रहे थे। खेलते समय अचानक प्रिंस का पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गया। पानी गहरा होने के कारण वह डूबने लगा और चीखने लगा। अपने भाई को बचाने के लिए राजकुमार ने भी पोखर में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गया।
ग्रामीणों ने तालाब से निकाले शव, अस्पताल में मृत घोषित
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पोखर में प्रिंस का शव तैरता हुआ दिखा। ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर राजकुमार के शव को भी ढूंढ निकाला। दोनों को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मुआवजे की मांग
मृतक बच्चों के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। प्रिंस और राजकुमार अपने तीन-तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही जिला पार्षद अनिल यादव, पंचायत समिति प्रतिनिधि दिलीप प्रसाद गुप्ता, पूर्व वार्ड पार्षद विजय मेहता, नौगढ़ मुखिया पंकज यादव सहित कई लोग सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। जिला पार्षद अनिल यादव ने प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, शवों का पोस्टमार्टम कराया गया
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि यह दुखद घटना पोखर में डूबने से हुई। नगर थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।