रांची में पहली बार हुआ भव्य एयर शो, सूर्यकिरण टीम ने दिखाई आसमानी शौर्य की झलक
हॉक एयरक्राफ्ट की गर्जना और तिरंगे धुएं ने मोहा जन-जन का मन, ऐतिहासिक बना शनिवार का दिन
रांची। राजधानी रांची के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब पहली बार वायुसेना का भव्य एयर शो आयोजित किया गया। नामकुम स्थित खोजा टोली आर्मी भर्ती मैदान में वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण टीम ने जब आसमान को चीरते हुए करतब दिखाए, तो हजारों दर्शकों की निगाहें आसमान में टिकी रह गईं।
हॉक एयरक्राफ्ट जब ऊँचाई से नीचे उतरता, या तिरंगे धुएं के साथ आकाश में लहराता, तब मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता। करीब एक घंटे तक चले इस रोमांचक प्रदर्शन में सूर्यकिरण टीम ने साहस, सटीकता और अनुशासन का अद्भुत प्रदर्शन किया।
इस आयोजन में आम नागरिकों से लेकर राजनीतिक, प्रशासनिक और सैन्य क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, वायुसेना के एयर मार्शल एपी सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। रांची और आसपास के इलाकों से हजारों लोग इस ऐतिहासिक शो को देखने के लिए उमड़े। मैदान के हर कोने से लोग हर करतब को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए।
इस हाई-प्रोफाइल आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। मैदान को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया था। वीवीआईपी, मीडिया और आम जनता के लिए अलग-अलग बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी।
About The Author
