बिहार : पेपर लीक का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया गिरफ्तार
पटना। बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गुरुवार रात को नीट पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड संजीव मुखिया को पटना से गिरफ्तार कर लिया। वह पिछले कई महीनों से फरार था और पुलिस ने उस पर 3 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद, संजीव मुखिया से पूछताछ की जा रही है, जिससे इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
इससे पहले, पेपर लीक केस में मुखिया के बेटे समेत 36 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था। बिहार एसटीएफ और आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम संजीव मुखिया से पूछताछ में जुटी हुई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि संजीव मुखिया इस पेपर लीक स्कैंडल की मुख्य कड़ी है और उसकी जानकारी से मामले के और भी पहलू सामने आ सकते हैं।
बिहार पुलिस की ईओयू ने इस मामले की जांच शुरू की थी और जांच में कई सॉल्वर और बिचौलियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि संजीव मुखिया नीट पेपर लीक के मुख्य साजिशकर्ता के रूप में काम कर रहा था। मामला सामने आने के बाद वह फरार हो गया, लेकिन जांच की रफ्तार को देखते हुए बाद में यह मामला सीबीआई को सौंप दिया गया।
सीबीआई ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था, लेकिन मास्टरमाइंड संजीव मुखिया का कोई सुराग नहीं मिल रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी से इस बड़े स्कैंडल को लेकर कई नई जानकारियां सामने आने की संभावना है। मामले की जांच में यह बात सामने आई कि संजीव मुखिया के पास एक प्रोफेसर के जरिए सबसे पहले नीट का पेपर आया था, और फिर उसने बिचौलियों के माध्यम से अभ्यर्थियों से 40 लाख रुपये में पेपर बेचने का सौदा किया था। यह एक बड़ा साजिश था जिसमें कई लोग शामिल थे और इस मामले में पुलिस की पकड़ मजबूत हो चुकी है।
About The Author
