औरंगाबाद : अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के दाउदनगर प्रखंड अंतर्गत शमशेर नगर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब बागी टोला निवासी 25 वर्षीय प्रवीण कुमार रोड क्रॉस कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल दाउदनगर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
प्रवीण कुमार का निधन होते ही उसके घर में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि प्रवीण मेहनत-मजदूरी कर घर का भरण-पोषण करता था। वह पांच भाइयों में तीसरे स्थान पर था और एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसकी मौत की खबर सुनते ही पत्नी बेहोश हो गई। घर के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
सोमवार सुबह जब यह खबर गांव में फैली तो गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शमशेर नगर के पास मुख्य सड़क को जाम कर दिया। मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने करीब दो घंटे तक सड़क पर धरना दिया, जिससे दोनों लेन में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही दाउदनगर थाना से एसआई ब्रजेश कुमार, पीएसआई परमानंद कुमार और अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण व परिजन वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति को देखते हुए जिला परिषद सदस्य अरविंद यादव, मुखिया प्रतिनिधि राजू कुमार और उप मुखिया रवि रंजन कुमार भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उचित कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया।
About The Author
